फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र भोलेपुर बेवर रोड पर एक हलवाई को एक युवक ने मारपीट कर अधमरा कर दिया। यह देख लोगों ने मारपीट करने वाले को घेर लिया। लेकिन वह भाग कर एक घर में घुस गया। लोगों ने उसे घर से निकालकर पीट दिया। इससे वह भी घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मारपीट करने वाले को हिरासत में ले लिया।
भोलेपुर बेवर रोड निवासी गुरु (40) हलवाई का काम करता है। वहां शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह कहीं जा रहा था। तभी पुराने छिबरामऊ बस अड्डा के पास एक युवक ने हलवाई को घेर लिया और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
मारपीट होते देख लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो हमलावर ने उन लोगों पर भी हमला कर दिया। अपने घिरा देख हमलावर एक घर में घुस गया। वहां से लोगों ने किसी तरह उसे निकाला और उसकी पिटाई कर दी। इससे वह घायल हो गया।
इस दौरान वहां भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर करीब आधा घंटे बाद पुलिस पहुंची। उसने हमलावर को हिरासत में ले लिया और घायल को लोहिया अस्पताल भेजा। पकड़ा गया हमलावर लोको रोड का निवासी बताया गया है। उसने हलवाई के साथ मारपीट क्योंकि यह स्पष्ट नहीं हो सका।
हलवाई को पीटकर किया अधमरा, हमलावर गिरफ्तार