दहेज के लिए महिला को घर से निकाल दिया। थाना पुलिस से न्याय न मिलने पर पीड़िता परिवार समेत कलक्ट्रेट परिसर में अनशन पर बैठ गई है।पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गोला कोहना निवासी पूर्णिमा (पूजा) पुत्री राजेंद्र कटियार की शादी दो साल पहले फर्रुखाबाद कोतवाली के मोहल्ला सेठ गली निवासी एक युवक से हुई थी। युवक आगरा में नौकरी करता था।
शादी के कुछ दिन बाद ही वह उसे अपने साथ आगरा ले गया। आरोप है कि दूसरी महिला के चक्कर में पति ने उसका उत्पीड़न किया। जब विरोध किया तो उससे ढाई लाख रुपये की मांग करने लगा। उसने पिता से ढाई लाख रुपये लाकर पति को दिए।
इसके कुछ दिन बाद ही वह दोबारा पांच लाख रुपये की मांग करने लगा। मना करने पर वह लोग उसे दोबारा प्रताड़ित करने लगे। ससुर से शिकायत करने पर उन्होंने भी बेटे का ही पक्ष लिया। दो अप्रैल को पति ने उसे मारपीट कर निकाल दिया।
जानकारी पर भाई पिंटू उसे आगरा से घर ले आया। इसके बाद मोहल्ले में हुई पंचायत में भी ससुरालियों ने पांच लाख की मांग कर दी। छह अप्रैल को पीड़िता ने महिला थाने में पति, सास व ससुर के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसपी से भी शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। इस पर महिला शुक्रवार को कलक्ट्रेट में परिवार के साथ अनशन पर बैठ गई है।
रिपोर्ट दर्ज न होने पर अनशन पर बैठी महिला