फर्रुखाबाद। शीतगृह के लिए बनाई जा रही विद्युत लाइन के पोल गली में लगाने को लेकर मंगलवार को ढिलावल के ग्रामीणों से विवाद हो गया। पुलिस के सामने महिलाओं व युवतियों ने जमकर हंगामा किया। इससे काम रुकवा दिया गया।
मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव ढिलावल के निकट स्थित राधिका स्टोरेज का निर्माण कराया गया। इसका बेवर रोड भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र के कोल्ड फीडर से 150 किलोवाट का कनेक्शन स्वीकृत है। इसके लिए 16 पोल की विद्युत लाइन बनाई जा रही। मंगलवार को ढिलावल के ग्रामीणों ने गली में पोल लगता देख विरोध शुरू कर दिया। इसको लेकर विवाद हो गया और जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने महिलाएं व बच्चे पोल के लिए गड्ढा खोद रहे हाइड्रा के नीचे ईंटें डालने लगे। दरोगा के रोकने पर महिलाएं उनसे भी भिड़ गईं और जमकर नोकझोंक हुई। आखिरकार पोल लगाने का काम रुकवा दिया गया।
कोल्ड स्टोरेज की लाइन बनवा रहे सचिन ने बताया कि आम रास्ते पर पोल लगाने का ग्रामीणों ने बेवजह विरोध कर काम रुकवा दिया। अधिशासी अभियंता नगरीय पंकज अग्रवाल ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज मालिक द्वारा प्रशासन की मदद लेकर लाइन बनवाई जाएगी। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि विवाद का मामला उनके संज्ञान में नहीं है और न ही उन्हें कोई तहरीर मिली है।