फर्रुखाबाद। शोहदों की धमकी से परेशान छात्रा बुधवार को सुसाइड नोट लिखकर लापता हो गई। परिजनों ने शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी है। काफी खोजबीन के बाद भी छात्रा का पता नहीं चला है। सुसाइड नोट में छात्रा ने शोहदों पर तेजाब डालने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
कोतवाली अंतर्गत खैराती खां मोहल्ला निवासी गौहर खान की बेटी फाविया पीडी महिला डिग्री कालेज फतेहगढ़ में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। गौहर खान के मुताबिक फाविया घुमना स्थित एक कोचिंग सेंटर में प्रतिदिन कोचिंग पढ़ने जाती है। बुधवार सुबह भी वह कोचिंग गई थी। सुबह करीब 9.10 बजे फाविया ने फोन कर बताया कि वह कोचिंग पढ़ने नहीं, बल्कि आत्महत्या करने के लिए गंगा में कूदने जा रही है। उसके स्कूल बैग में सुसाइड नोट रखा है, जो पढ़ लेना। इसके बाद पुत्री ने फोन काट दिया।
यह सुनते ही परिजनों ने फाविया का बैग खोलकर देखा तो उसमें सुसाइड नोट लिखा रखा था। सुसाइड नोट में लिखा था कि कई दिनों से कुछ शोहदे उसे आते-जाते परेशान करते हैं। शोहदे उसके ऊपर तेजाब डालने की धमकी देने के साथ ही शिकायत करने पर परिजनों को भी अंजाम भुगतने की चेतावनी देते हैं। परिजन परेशान न हो इसलिए घर में शिकायत नहीं की। वह आत्महत्या करने जा रही है।
परिजनों ने पांचाल घाट जाकर पुत्री की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। गौहर खान ने शहर कोतवाली में तहरीर दी। फाविया द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट भी दिया है। शहर कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।