फर्रुखाबाद। यात्रियों को वैन में बैठाकर जेवर व नगदी लूट कर रास्ते में फेंक देने की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के सात सदस्यों का पुलिस मुठभेड़ में चालान कर दिया गया। इन्हें रिमांड मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया। पकड़े गए आरोपियों पर इटावा बरेली-हाईवे पर युवक और उसकी मंगेतर से लूटपाट करने की घटना को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस लाइन सभागार में सीओ अमृतपुर सुरेंद्र तिवारी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि हरदोई जिले के मोहल्ला नानकगंज झाला लखनऊ रोड निवासी वीरेंद्र कुमार साहू कौशांबी जिले के सिराथू स्थित एक फैक्ट्री में काम करते हैं। उनकी उन्नाव के मोहल्ला शांतिनगर निवासी शिल्पी पाल से शादी तय हुई है। युवक और उसकी मंगेतर राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी से बुधवार रात लौट रहे थे। मैनपुरी के बेवर में बस से उतरने के बाद दूसरी बस का इंतजार करने लगे। तभी वैन चालक ने फर्रुखाबाद चलने की आवाज लगाई। इससे दोनों लोग वैन में बैठ गए। वैन सवार बदमाशों ने इटावा बरेली हाईवे पर मोहम्मदाबाद क्षेत्र में दोनों से नगदी व जेवर लूट कर सूनसान इलाके में छोड़ दिया था। पीड़ितों की शिकायत पर सवारियों को वैन में बैठाकर लूट की घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ने के लिए एसपी संतोष मिश्रा ने मोहम्मदाबाद कोतवाल दधिबल तिवारी को टीम के साथ लगाया।
टीम ने वाहन चेकिंग कर बुधवार रात को वैन को पसनीपुर गांव के पास रोका। तभी वैन में बैठे लोगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर वैन में सवार मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव तकीपुर निवासी विपन पाल, गांव गिररामपुर मौजा भरतपुर निवासी शेखर पाल उर्फ अवनेंद्र पाल, अजीत पाल, गांव भरतपुर निवासी अंकित भदौरिया, मोहल्ला किदवई नगर निवासी सिंटू उर्फ कालिया, प्रवीण कुमार कठेरिया, गांव रोहिला निवासी पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चार 315 बोर के तमंचा, आठ कारतूस, एक 12 बोर तमंचा, दो कारतूस, और दो चाकू बरामद किए गए। युवक और उसकी मंगेतर से लूटे गए रुपये व जेवर भी बरामद हुए। सीओ ने बताया कि यह लोग सवारियों को वैन में बैठाने के बाद सफर के समय लूटपाट कर सूनसान इलाकों में वैन से उतार कर भाग जाते हैं। इन आरोपियों से वैन भी बरामद हुई है।
आरोपी शेखर पाल उर्फ अवनेंद्र पाल के खिलाफ हत्या के दो, अपहरण व लूट का एक-एक समेत कुल दस मुकदमे अलग-अलग थाने में पंजीकृत हैं। हिस्ट्रीशीट खुली है। आरोपी सिंटू उर्फ कालिया पर तीन मुकदमे पंजीकृत हैं।
लूट गिरोह के सात सदस्य गए जेल
पुलिस मुठभेड़ में दिखाई गिरफ्तारी, तमंचा और कारतूस हुए बरामद