कायमगंज। गांव रायपुर के युवक की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।
रामदास उर्फ पप्पू (34) की गांव से कुछ दूर गांव मंसूर नगर जाने वाले चकरोड पर गला रेतकर रविवार रात हत्या कर दी गई थी। सोमवार सुबह उसका शव पड़ा मिला था। हत्या के बाद यही चर्चा थी कि रामदास मोबाइल फोन इस्तेमाल नहीं करता था। उसकी पत्नी रितु के कासगंज से आने के बाद पता चला कि रामदास उसका मोबाइल लेकर रविवार सुबह रायपुर आया था।
पुलिस को घटनास्थल से मोबाइल नहीं मिला था। पुलिस रितु के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल खंगाल रही है। साथ ही पुलिस ने शक के आधार पर गांव के पांच लोगों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इससे पुलिस जल्द खुलासा कर सकती है।
खेत में पड़ी मिली रामदास की दूसरी चप्पल
पुलिस को घटनास्थल पर एक चप्पल पड़ी मिली थी। दूसरी गायब थी। मंगलवार सुबह रामदास की बरेली निवासी बहन मीरा सिंह खेतों की ओर गई तो घटना स्थल से 200 मीटर दूर खुद के खेत में दूसरी चप्पल पड़ी मिली। इससे जाहिर है हमलावरों ने उसे खेत से ही दबोचा होगा।
हत्या के बाद से सहमा है परिवार
मंगलवार सुबह रामदास के घर पर उसकी पत्नी रितु के अलावा बरेली निवासी बहन मीरा सिंह, कासगंज निवासी बहन मीना, भाई धनीपाल और प्रेमचंद्र व अन्य लोग एक साथ बैठे मिले। पत्नी रितु ने बताया कि रविवार सुबह आने से पहले किसी का फोन आया इसके बाद वे ट्रेन से यहां आ गए। कासगंज निवासी भांजे अंकुर ने रविवार रात 10 बजे फोन किया तो स्विच ऑफ था। भाई धनीपाल व बहन मीरा सिंह ने बताया कि रविवार शाम छह बजे रामदास शराब पीने के लिए मंसूर नगर गया। इसके बाद घर आ गया। करीब सवा सात बजे किसी ने उसे दोबारा फोन कर बुलाया, इसके बाद उसकी हत्या की गई है।
हत्या के पीछे बताया जा रहा जमीन का विवाद
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गांव रायपुर निवासी रामदास की हत्या के दौरान गांव मंसूर नगर से एक युवक शराब पीकर आ रहा था। उसने रामदास की हत्या होते हुए देखा। इसके बाद वह खामोशी से वहां से चला गया। युवक ने अपने घर पर चर्चा की तो उसके परिजनों ने उसे डांट दिया और झंझट से दूर रहने के लिए कहा। गांव में यह चर्चा जोरों पर हुई तो पुलिस भी सक्रिय हुई। बताते हैं कि पुलिस ने उसे उठा लिया है। हत्या के पीछे जमीन का विवाद ही बताया गया है। इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि हत्यारोपी पुलिस की नजर में हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।