मोहम्मदाबाद। नाली का पानी निकालने के विवाद में दो पक्षों मेें धारदार हथियार व लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी छदामीलाल शुक्रवार सुबह अपने घर में काम कर रहे थे, तभी गांव के ही राधा किशन, अखिलेश, मंगलेश, विशाल, मीरा, लक्ष्मी, नेमा, मुस्कान दरवाजे पर आए और नाली का पानी निकालने को लेकर गाली गलौज करने लगे। छदामीलाल के विरोध करने पर यह सभी लोग धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। शोर सुनकर बचाने आई पत्नी गुड्डी देवी, पुत्र पुष्पेंद्र, पुत्री कामिनी को भी घायल कर दिया।
पुलिस ने छदामीलाल की तहरीर पर राधा किशन सहित आठ लोगों के खिलाफ घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। दूसरे पक्ष से विशाल कुमार ने छदामीलाल, टिंटू, पुष्पेंद्र, गुड्डी देवी, अनूप, गौतम, कामिनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
आरोप लगाया कि नाली का पानी निकालने को लेकर इन लोगों ने मारपीट कर दी। इसमें विशाल, बहन नेमा देवी, मीरा देवी, राधा किशन, अखिलेश घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों का सीएचसी में मेडिकल कराया।