फर्रुखाबाद। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष की तलाश में पुलिस ने घर व डेयरी पर दबिश दी। डेेयरी में काम कर रहे कर्मचारियों को पकड़ लिया और उसने पूछताछ की गई। कर्मचारियों से कोई जानकारी न मिलने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
शहर कोतवाली की आवास विकास कालोनी निवासी पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दिनेश यादव उर्फ चुन्ने यादव गांव मसेनी का मूल निवासी है। लगभग छह माह पहले दिनेश का गांव के अशोक व उसके पुत्र बिलइया से विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में मारपीट के बाद कई राउंड फायरिंग हुई थी। हमले में दिनेश व उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर बिलइया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
छात्र नेता व उसके साथी को लोहिया अस्पताल से रेफर कर दिया था। दिनेेश यादव फरार है। रविवार रात कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने दिनेश के घर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। रात को ही पुलिस की दूसरी टीम ने लकूला से कादरी गेट जाने वाले मार्ग पर स्थित दिनेश की डेयरी पर दबिश दी।
कर्मचारी डेयरी पर भूसा उतार रहे थे। पुलिस ने कर्मचारियों को पकड़ लिया। छात्र नेता के बारे में पूछताछ के बाद पुलिस ने कर्मचारियों को छोड़ दिया। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि जानलेवा हमले के मुकदमे में दिनेश यादव की तलाश की जा रही है।