कमालगंज। छह दिन पूर्व पति के साथ ससुराल जा रही नवविवाहिता को एक युवक रास्ते से लेकर चला गया। इस मामले में दोनों पक्ष मंगलवार सुबह आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे चलने के बाद कई राउंड गोलियां चलीं। गोली लगने से दो व लाठी-डंडों से आठ लोग घायल हो गए। गोली लगने से घायल हुए वृद्ध को कानपुर रेफर किया गया। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात की गई है।
थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी 15 मई को क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। 25 मई की शाम वह पति के साथ ससुराल जा रही थी। रास्ते में कमालगंज के मजरा तलैया नगला निवासी अवनीश कुमार पति को चकमा देकर नवविवाहिता को लेकर चला गया।
मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे अवनीश के पिता राम सिंह (55), रिश्तेदार रामरहीश (52) के साथ गांव में खेतों की ओर जा रहे थे, तभी नवविवाहिता के तीन भाइयों का राम सिंह व रामरहीश से विवाद होने लगा। मामला बढ़ने पर लाठी-डंडे चलने के साथ ही गोलियां चलीं। गोली लगने से राम सिंह व रामरहीश घायल हो गए।
परिजन घायलों को कार से अस्पताल ले जा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने रास्ते में घेर लिया और दोबारा मारपीट की। राम सिंह का भतीजा सुनील (29), विजय (28), मदनपाल घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को लोहिया अस्पताल ले गई। वहां से राम सिंह को कानपुर रेफर कर दिया गया। तीनों भतीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। रामरहीश का इलाज चल रहा है।
दूसरे पक्ष से घायल युवक व चार महिलाओं ने सीएचसी में इलाज कराया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। एएसपी अजय प्रताप ने गांव पहुंचकर अवनीश की पत्नी प्रियंका से पूछताछ की। नवविवाहिता के घर पुलिस पहुंची तो सन्नाटा पसरा था। सीओ अजेय शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलते ही गोली चलने की घटना का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। युवती को ले जाने का मुकदमा दर्ज है।
गोली चलने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
नवविवाहिता के ले जाने के बाद 26 मई को उसका पति रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। मंगलवार सुबह जब घटना हो गई तो पुलिस ने अवनीश व उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पत्नी ने दर्ज कराई अवनीश की गुमशुदगी
अवनीश की पत्नी प्रियंका ने 27 मई को थाने में पति के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कहा था कि उसका पति 25 मई को बाइक से बाजार गया था। इसके बाद वापस घर नहीं पहुंचा। अवनीश का विवाह 10 वर्ष पूर्व हुआ था। उसकी दो पुत्रियां हैं।
युवती को ले जाने में हुआ था ट्रिपल मर्डर
गांव गदनपुर देवराजपुर गांव में युवती को ले जाने के मामले में दो वर्ष पूर्व ट्रिपल मर्डर हुआ था। युवती के भाई ने आरोपी युवक के पिता, मां व भाई की हत्या कर दी थी। इसके बाद भी पुलिस ने नवविवाहिता को ले जाने के मामले में सक्रियता नहीं दिखाई। समय पर अगर कार्रवाई की गई होती तो यह गोली चलने की घटना शायद न होती।