फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, तीन गिरफ्तार

विज्ञापन
चोरी में पकड़े गए आरोपी। संवाद - फोटो : FARRUKHABAD
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। पुलिस की बुधवार रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने चोरी किए गए पांच लाख के जेवरात, नकदी के साथ ही तीन तमंचे व चार कारतूस बरामद किए हैं।
विज्ञापन

मऊदरवाजा व शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे में जुटी पुलिस को गांव ढिलावल के पास बुधवार रात बदमाशों के आने की सूचना मिली। एसओ मऊदरवाजा आमोद कुमार सिंह ने शातिरों को रेलवे अंडरपास में दोनों ओर से घेर लिया।
पुलिस को देखकर शातिरों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग कर शहर कोतवाली के गांव धीमरपुरा निवासी विवेक सक्सेना, मोहल्ला नुनहाई निवासी शिवम राजपूत और मोहल्ला नोनमगंज निवासी मोनू राजपूत को पकड़ लिया।
विज्ञापन

पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस ने तीन तमंचे व चार कारतूस बरामद किए। पूछताछ में शातिरों ने बताया कि वह दिल्ली में रहते हैं। मुकदमे की तारीख पर जब फर्रुखाबाद आते थे, तभी रात को चोरी की घटनाएं कर भाग जाते थे।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने पुलिस लाइन के सभागार में बताया कि पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए इनकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी। चोरी का माल खरीदने वाले भी प्रकाश में आए हैं। इनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ मुठभेड़ का मुकदमा दर्ज किया है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने चार सोने की अंगूठी, एक कान का झाला, एक जोड़ी झुमकी, एक अंगूठी, दो जोड़ी पायल, दो कमरबंद व छह जोड़ी बिछुआ, दो आधार कार्ड, दो नाक की बाली, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी कुंडल, बच्चों के तीन जोड़ी खढ़ुआ, एक बैटरी, 11 मोबाइल, दो पासबुक बरामद किए हैं। बरामद माल की कीमत पांच लाख रुपये बताई गई है।
चोरी करने के बाद घर में खाना खाकर फैलाते थे गंदगी
पकड़े गए शातिरों ने बताया कि वह जेल से छूटने के बाद दिल्ली सहित आस पास के जिलों में किराए पर कमरा लेकर रहते हैं। एक साथी रेकी कर सूचना देता था। रात को घरों में चोरी करने जाते थे। चोरी करने के बाद घर में खाना खाकर गंदगी फैलाते थे, ताकि पुलिस बाहर के लोगों पर चोरी करने का शक करे।
इन सात घरों से की थी चोरी
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कछियाना निवासी विमलेश के घर से 21 जनवरी को सोने चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए थे। मोहल्ला दीनदयाल बाग निवासी आमोद के घर से तीन मार्च को जेवर व नकदी चोरी की थी। जहानगंज थानाक्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी रोहित का मऊदरवाजा थानाक्षेत्र के गांव गढ़िया ढिलावल में जन सेवा केंद्र था। चोर दुकान के ताले तोड़कर सामान चोरी कर ले गए थे।
12 अप्रैल को चोर गांव गढ़िया ढिलावल निवासी राकेश कुमार के घर से जेवर व नकदी चोरी की थी। गांव गढ़िया ढिलावल निवासी संयोग कुमार के 12 अप्रैल को चोर दो मोबाइल व जेवरात चोरी कर ले गए थे। 28 अप्रैल को गांव ढिलावल निवासी नीरज कुमार के घर से दो मोबाइल चोरी हो गए थे। इसी गांव से मुकेेश कुमार के घर में मोबाइल चोरी हो गया था। 27 अप्रैल को शमसेेर अली खान निवासी प्रीती के घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए थे।
विवेक के खिलाफ दर्ज हैं 24 मुकदमे
चोरी के आरोप में पकड़े गए विवेक के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर सहित 24 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी शिवम उर्फ बड़े के खिलाफ जनपद के थाना मऊदरवाजा थाने व शहर कोतवाली में 12 मुकदमे दर्ज हैं। मोनू राजपूत के खिलाफ शहर कोतवाली व मऊदरवाजा में 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आसपास के जनपदों से पकड़े गए शातिर चारों का आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें