फर्रुखाबाद। बेकरी पर नौकरी करने वाले युवक को जहरखुरानों ने लूट लिया। युवक रोडवेज बस स्टैंड पर अचेत मिला। पुलिस ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है।
रोडवेज बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे एक युवक अचेत पड़ा मिला। पूछताछ में वह कुछ भी नहीं बता पा रहा था। पीआरडी जवानों ने उसे काफी कोशिश करके पानी पिलवाया। पूछताछ केंद्र प्रभारी शिवप्रकाश दुबे ने इसकी सूचना यूपी 112 को दी, तो पुलिस पहुंची।
सरकारी एंबुलेंस बुलाकर उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी जेब में मिले आधार कार्ड पर राजाबाबू पुत्र राजकुमार, निवासी परौली चंपतनगला, थाना मेरापुर लिखा था। राजाबाबू के चाचा राजेश ने बताया कि वह जनपद मिर्जापुर में एक बेकरी पर काम करता था। गुरुवार शाम छह बजे उससे परिजनों की बात हुई थी। इसके बाद सुबह उसका फोन नहीं मिला। उसके पास बैग, मोबाइल और कपड़े कुछ भी नहीं है।
माना जा रहा है कि जहरखुरान गिरोह ने उसे लूट लिया है। रोडवेज बस के परिचालक ने उसे बस स्टैंड पर चुपचाप उतार दिया और चला गया। कोतवाली प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।