फर्रुखाबाद। दहेज में पांच लाख रुपये न मिलने पर विवाहिता को घर से निकालने के आरोप में पति समेत सात ससुरालीजनों पर मंगलवार को महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवंतीबाई नगर निवासी ज्योति पुत्री रघुराई प्रसाद ने महिला थाने में फिरोजाबाद के सिरसागंज के कस्बा सिरसा खास निवासी पति जितेंद्र कुमार, ससुर गंगाराम, सास मायारूपी, देवर दीपक, ननद डॉली, जूली, मझिया पंचीलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
इसमें बताया कि 9 जुलाई 19 को जितेंद्र से उसकी शादी की थी। विवाह में 15 लाख रुपये का दहेज दिया था। विवाह के कुछ दिन बाद ही जितेंद्र की नौकरी लगवाने के नाम पर ससुरालीजन पांच लाख रुपये मांगने लगे। मांग न पूरी होने पर 29 अक्तूबर 19 को उसे पीटकर घर से निकाल दिया।
इसके बाद ज्योति मायके में रहने लगी। पति व ससुरालीजन घर आए और तलाक के पेपर पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने लगे। इनकार पर ज्योति व उसके परिजनों को पीटकर जान से मारने की धमकी दी। एसओ विनीता सारथी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।