फर्रुखाबाद। पांच दिन पहले रोहिला नवाबगंज मार्ग पर फर्नीचर कारोबारी से हुई बाइक व नकदी, मोबाइल लूट में एसओजी ने इटावा के शातिर लुटेरे को पकड़ लिया। उससे बाइक भी बरामद कर ली है। एसओजी ने पूछताछ के बाद पांच अन्य युवकों को भी लूट के आरोप में पकड़ा है। नवाबगंज थाने में लूट के मामले में पुलिस ने एआरटीओ के कर्मचारी बनकर धोखाधड़ी कर बाइक व मोबाइल, नगदी ले जाने का मुकदमा दर्ज किया था।
कन्नौज कोतवाली के गुरसहायगंज निवासी फर्नीचर कारोबारी जुनैद 17 अक्तूबर को थाना कमालगंज निवासी दोस्त समीर के साथ शमसाबाद के मदीना मस्जिद के पास रिश्तेदार की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे थे। रोहिला क्रासिंग से आगे सौदान सिंह इंटर कालेज के पास एक बाइक पर सवार चार युवकों ने खुद को एआरटीओ कार्यालय का कर्मचारी बताकर जुनैद से बाइक, मोबाइल व छह सौ रुपये लूट लिए।
जुनैद ने मोहम्मदाबाद कोतवाली पहुंचकर कोतवाल राकेश कुमार को लूट की जानकारी दी थी। एसओजी ने इस मामले में इटावा के शातिर लुटेरे को पकड़ लिया। उसके पास से लूटी बाइक बरामद कर ली। लुटेरा एक वर्ष से रिश्तेदारी में रह रहा था। एसओजी ने पूछताछ के बाद पांच अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए लोगों से जुनैद का मोबाइल, घड़ी, नगदी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।