फर्रुखाबाद। कब्रिस्तान और सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाई गई दुकान को कोतवाली पुलिस ने ढहा दिया। शहर कोतवाली के मोहल्ला नखास के कब्रिस्तान के कोने पर कुछ जमीन खाली पड़ी थी। उस पर मोहल्ले के ही आकिल पुत्र यूसुफ ने खोखा रख लिया था। आकिल ने उस जमीन पर कब्जे की नीयत से आठ दिन पहले से पक्की दुकान बनानी शुरू कर दी थी।
मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध करते हुए नगरपालिका से शिकायत की। इस पर अधिशासी अधिकारी (ईओ) रविंद्र कुमार ने 23 सितंबर को सर्वेयर रूपम अग्निहोत्री के साथ अन्य कर्मियों को भेजकर जांच कराई तो पता चला कि कब्रिस्तान के अलावा सरकारी जमीन को भी घेरा जा रहा है। पालिका की टीम ने काम रोकने के आदेश दिए। इस पर आकिल ने टीम के सामने तो काम बंद करवा दिया, लेकिन बुधवार रात में काम पूरा कर गुरुवार सुबह उस पर शटर भी लगा दिया। इस पर मोहल्ले के लोग डीएम के यहां पहुंचे।
डीएम के निर्देश पर ईओ ने कोतवाली प्रभारी को पत्र लिखकर दुकान का निर्माण रुकवाने के लिए कहा। नखास चौकी प्रभारी शंकरानंद ने नगर पालिका की जेसीबी मंगवाकर दोपहर तीन बजे दुकान को ढहा दिया। मौके पर पहुंचे आकिल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है। इसके बाद आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।