मोहम्मदाबाद। चार दिन पहले दोस्त के साथ बीमार रिश्तेदार को देखने आया कन्नौज का युवक गुरुवार सुबह नहरैया गांव के पास सड़क किनारे खेत में पड़ा मिला। उसके हाथ व पैर बंधे थे। पुलिस युवक को अपने साथ कोतवाली ले आई। युवक ने 14 सितंबर की शाम नशीली चीज सुंघाकर कर बंधक बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
कन्नौज थाना इंदरगढ़ के गांव गुदारा निवासी इंद्रपाल का 22 वर्षीय पुत्र रवि राजपूत गुुरुवार सुबह मोहम्मदाबाद-ताजपुर मार्ग पर खेत में बंधा पड़ा मिला। ताजपुर चौकी इंचार्ज ने उसे बंधन मुक्त कराया और कोतवाली ले गए। रवि ने बताया कि 14 सितंबर को अपने साथी पृथ्वी के साथ डूंगरपुर निवासी रिश्तेदार ऋषि राजपूत को देखने आया था। हाल चाल लेने के बाद शाम को बाइक से वापस जा रहा था।
डूंगरपुर के बाहर बाइक में पट्रोल खत्म हो गया। इस पर पृथ्वी को लखरौआ गांव से पेट्राल लेने भेज दिया। तभी किसी ने पीछे से उसे नशीली चीज सुंघा दी और वह बेहोश हो गया। इसके बाद में उसने अपने को खेत में बंधे हुए पाया। उसको बंधक बनाने वाले खाने में सूखी रोटी देते थे। वे उसको खेत में छोड़ गए थे।
झूठी कहानी रची थी रवि ने : ताजपुर चौकी इंचार्ज विश्वनाथ आर्य ने बताया कि जांच में पता चला कि रवि का डूंगरपुर में किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों ने रवि को पकड़ लिया और उसको बंधक बनाकर पीटा। बेइज्जती के डर से रवि ने अपहरण की कहानी रची थी। रवि के परिजन चौकी आए और उसको साथ लेकर चले गए।