सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ चोर। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली से कुछ दूरी पर मुख्य बाजार में दुकान के ताले तोड़कर चोर तीन लाख के मोबाइल व नगदी चुरा ले गए। बुधवार सुबह पड़ोसी ने ताले टूटे देख दुकानदार को सूचना दी। मुख्य बाजार में चोरी होने से व्यापारियों में गुस्सा है। व्यापारियों ने पुलिस पर गश्त न करने का आरोप लगाया है। चोरी का सामान ले जाते हुए चोरों के फोटो सामने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
फतेहगढ़ के मोहल्ला पुलमंडी निवासी सचिन गुप्ता की कोतवाली से लगभग 50 मीटर दूर मुख्य बाजार में सेंटर बैंक के पास अनाया मोबाइल के नाम से दुकान है। मंगलवार रात चोर ताले तोड़ अंदर घुस गए। चोर दुकान से 2 लाख 94 हजार के मोबाइल व गोलक में रखे 6 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
बुधवार सुबह आसपास के दुकानदारों ने इसकी सूचना सचिन को दी। सचिन व उसके पिता दिनेश गुप्ता मौके पर पहुंचे। व्यापारी नेता मुन्ना लाल वार्ष्णेय, रवींद्र वैश्य सहित अन्य लोग भी पहुंच गए। मुख्य बाजार मेें हुई चोरी की घटना को लेकर व्यापारियों ने आक्रोश जाहिर कर पुलिस को सूचना दी। दरोगा पंकज कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पास की दुकान के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें एक चोर पॉलिथीन के दो बड़े थैलों में मोबाइल ले जाता हुुआ दिखाई दे रहा है। दूसरे चोर का फोटो धुंधला है।
दोनों चोरों की उम्र 15 से 20 वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने चार लोगों को उठाया है। सचिन गुप्ता ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल जयप्रकाश पाल ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।