पुलिस जीप में बैठा लूट का आरोप। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर व मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में लूट करने वाले दो शातिरों को एसओजी व शहर कोतवाली पुलिस ने मसेनी चौराहे से गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, दो तमंचे, चार कारतूस, जेवर व 48 सौ रुपये नगद बरामद हुए। सीसीटीवी के फुटेज के सहारे पुलिस लुटेरों को पकड़ने में कामयाब हुई है।
बुधवार को एसओजी प्रभारी दिनेश गौतम व शहर कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय ने मसेनी चौराहे से दो शातिरों को काली बाइक के साथ पकड़ लिया। पकड़े गए शातिरों में फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नेकपुर चौरासी निवासी आकाश गिहार, जिला आगरा थाना नाई की मंडी मोहल्ला सुंदरपाड़ा गिहर कालोनी निवासी धर्म सिंह उर्फ धर्मवीर हैं।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि 24 अप्रैल को नाला मछरट्टा निवासी शिवम पत्नी रिंकी की सोने की चेन व मंगलसूत्र लूट लिया था। इससे पहले 14 अप्रैल को मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव पुनपालपुर निवासी रोशन राजपूत की सोने की चेन संकिसा रोड पर लूटी थी। पुलिस ने चेन व मंगलसूत्र व पहले लूटी गई चेन की बिक्री के 48 सौ रुपये बरामद कर लिए हैं।
एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि लुटेरे इससे पहले कन्नौज, फिरोजाबाद, आगरा समेत कई जनपदों में लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। धर्म सिंह ससुराल लकूला आया था। लॉकडाउन के बाद यहीं फंस गया। एएसपी त्रिभुवन सिंह व सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड मौजूद रहे।