फर्रुखाबाद। आरआई के आदेश पर बुलाकर लाए सिपाही ने सोमवार को पुलिस लाइन में एचसीपी के साथ मारपीट कर दी। पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। आरआई किश्वर अली ने सिपाही का मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल परीक्षण के दौरान लोहिया अस्पताल में भी सिपाही ने हंगामा किया। आरआई ने कहा कि सिपाही के खिलाफ कार्रवाई जांच रिपोर्ट एसपी को दी जाएगी।
मेरापुर थाने में तैनात सिपाही संजीव मलिक की लॉकडाउन से पहले कचहरी में ड्यूटी लगाई गई थी। लॉकडाउन के बाद संजीव की आमद फतेहगढ़ कोतवाली में करा दी गई। तब से वह पुलिस लाइन की बैरक में रह रहा है। सोमवार को आरआई ने एचसीपी (हेड कांस्टेबल प्रमोटेड) छोटेलाल को संजीव मलिक को बुलाने के लिए भेजा। छोटेलाल ने संजीव को बैरक में जाकर बताया कि उसे आरआई ने बुलाया है। इस पर संजीव भला बुरा कहने लगा।
संजीव मलिक आरआई के सामने आया और जोर जोर से चिल्लाने लगा। इस पर छोटेलाल ने विरोध जताकर शांत रहने को कह दिया। इसी बात पर संजीव नेेे छोटेलाल के साथ आरआई के सामने ही मारपीट कर दी। साथी पुलिस कर्मियों ने छोटेलाल को बचाया। आरआई ने सिपाही को पकड़वाया और लोहिया अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा। लोहिया अस्पताल में भी संजीव ने मेडिकल के दौरान हंगामा किया। मेडिकल में एल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई। सिपाही के कहीं चोट भी नहीं पाई गई।