फर्रुखाबाद। डीएम के निर्देश पर अवैध कब्जे वाली जमीन की पैैमाइश करने गए लेखपाल के साथ हाथापाई कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और तहसीलदार के सामने भी हंगामा किया। जान से मारने की धमकी देकर लोग चले गए। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद समेत 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सदर तहसील के लेखपाल अजीत कुमार द्विवेदी, क्षेत्रीय सभासद रीता देवी के पति संजीव कुमार के साथ सोमवार को डीएम के निर्देश पर मोहल्ला खन्नीनगला में अवैध कब्जे की जमीन पर पैमाइश करने गए थे। वहां मौजूद कब्जेदार गोपाल पुत्र तुलाराम व रवीश तथा उसका भाई, जगदीश पुत्र बल्देव प्रसाद ने परिवार के ही अन्य पांच अज्ञात साथियों संग विरोध कर पैमाइश करने से रोक दिया।
घेराबंदी करके हाथापाई कर दी। इसकी सूचना देने पर पुलिस और तहसीलदार राजू कुमार पहुंचे। आरोपी फिर भी हंगामा करते रहे। महिला-पुरुष जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
लेखपाल ने आरोप लगाया कि जब वह कोतवाली आए, तो कब्जा करने वाला जगदीश का पुत्र राजेश वहां मिला। उसने तहरीर न देने का दबाव बनाया। लेखपाल की तहरीर पर खन्नी नगला के गोपाल, जगदीश, रवीश, रवीश का भाई और राजेश व पांच अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।