फर्रुखाबाद। कादरीगेट चौकी के दो सिपाहियों पर 1370 रुपये लूटने का आरोप लगाया गया है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को विशेष अदालत एंटी डकैती में अर्जी दायर की गई। न्यायाधीश ने शहर कोतवाली से 16 मार्च तक आख्या मांगी है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला सुनार वाली गली नाला मछरट्टा निवासी अंकित तिवारी उर्फ प्रशांत तिवारी ने कादरीगेट चौकी पर तैनात सिपाही पवन उपाध्याय व एक अज्ञात सिपाही के खिलाफ विशेष अदालत एंटी डकैती में अर्जी दायर की है। इसमें कहा कि 6 फरवरी की रात करीब 11 बजे वह कादरीगेट तिराहा से पैदल घर जा रहा था।
भट्ठावाली गली के मोड़ पर पहुंचा तो दोनों सिपाही आए और उसे गाली देने लगे। उन्होंने पूछताछ की तो बताया कि वह बिर्राबाग से जन्मदिन कार्यक्रम से लौट रहे हैं। यह सुनकर सिपाही ने उसके साथ मारपीट कर दी और जेब में रखे 1370 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर थाने में बंद करने की धमकी दी। पीड़ित के अधिवक्ता दीपक द्विवेदी की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने घटना के संबंध में शहर कोतवाल को 16 मार्च तक आख्या देने का आदेश दिया है।