नवाबगंज। नगला दमू गांव में बुधवार रात चार घरों में घुसे चोर लाखों रुपये के जेवरात व नगदी के अलावा घरेलू सामान चुराकर चंपत हो गए। तीन गृहस्वामी बाहर गए थे। उनके वापस आने पर चोरी गए माल के बारे में जानकारी पुलिस को हो सकेगी। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला दमू निवासी परशुराम व पप्पू गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करते हैं। बुधवार की रात चोरों ने इन दोनों के बंद घरों के ताले तोड़ दिए। चोर दोनों घरों से सारा सामान समेटकर ले गए हैं। चोरों ने गांव के ही अनीस गंगावार के घर का ताला तोड़ा। अनीस अपनी बीमार पत्नी किरन को कानपुर इलाज कराने के लिए ले गए थे। चोर इनके घर से सोने चांदी के जेवरात व नकदी चुरा ले गए। अनीस के भतीजे ने बताया कि चोर दो लाख कीमत के जेवर ले गए हैं नगदी के बारे में चाचा अनीस वापस आने पर जानकारी होगी। चोर फूलमती के घर के ताले तोड़कर उसके घर से एक लाख के जेवर व छह हजार रुपये चोरी कर ले गए।
गुरुवार सुबह फूलमती ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर गई पुलिस ने छानबीन की। फूलमती ने बताया कि पुत्र देवेंद्र व बहू जनवरों को रखाने के लिए पास में ही झोपड़ी में सो रहे थे। चोर ताला तोड़कर जेवर व नकदी ले गए है। एसओ अजय नारायण सिंह ने बताया कि चार घरों में चोरी करने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की है। तीन घरों के लोग बाहर गए हुए हैं। उनके आने के बाद चोरी गए सामान की सही जानकारी होगी।