फर्रुखाबाद। कलौली गांव में एक माह पहले बहनोई के घर रह रहे साले की गोली मारकर हत्या के मामले में शनिवार को स्वाट टीम जांच करने पहुंची। इस प्रकरण में दो नामजद समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचक पर एक आरोपी का नाम निकालने की तैयारी का आरोप लगाजिला पंचायत सदस्य ने एसपी से शिकायत की थी। टीम ने गांव के लोगों व बहनोई के अलावा एक युवती से भी पूछताछ की है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव कलौली निवासी वीरेंद्र का साला लालू यादव निवासी गांव नगला भगुआ शहर कोतवाली अपने जीजा के पास ही रह रहा था। 29 नवंबर को लालू की गांव के पास खेत पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें लालू के चचेरे भाई जिला पंचायत सदस्य अवनीश यादव ने कलौली गांव निवासी अवनीश, गिरवर समेत एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने किसी हत्यारोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। आरोप है कि विवेचक एक आरोपी का नाम मुकदमे से निकालने की तैयारी में जुटे थे। ऐसे में जिला पंचायत सदस्य अवनीश यादव ने विवेचक की एसपी डॉ. अनिल मिश्रा से शिकायत की थी। एसपी ने विवेचक की फटकार लगाई थी। शनिवार को स्वाट टीम प्रभारी दिनेश गौतम लालू हत्याकांड की जांच करने के लिए पहुंचे। वहां टीम ने लोगों को अलग अलग ले जाकर पूछताछ की है। टीम प्रभारी का मानना है कि घटना किसी पुरानी कहानी को लेकर हुई है।