जहानगंज। थाने के कुछ दूरी पर दुकान के ताले तोड़कर चोर पचास हजार के कपड़े चुराकर चंपत हो गए। बुधवार सुबह दुकानदार ने ताले टूटे देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटना में किसी परिचित के शामिल होने की आशंका जता रही है। दुकानदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया है।
जहानगंज निवासी अतुल चतुर्वेदी की पशु बाजार के पास कपड़े की दुकान है। मंगलवार रात अतुल दुकान बंद करके घर चले गए। रात में चोरों ने शटर में लगे ताले तोड़ दिए। दुकान के अंदर घुसे चोर पंद्रह साड़ी और पैंट-शर्ट के कपड़े व रजाई की खोल आदि कपड़े चुराकर चंपत हो गए। कोहरे के कारण सुबह किसी को टूटे ताले दिखाई नहीं दिए। अतुल जब दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो ताले टूटे देखकर दंग रह गए। शटर उठाकर अंदर देखा तो समान गायब था। दुकान में रखा अन्य सामान बिखरा पड़ा था। अतुल ने चोरी की जानकारी यूपी 112 को दी। पुलिस ने छानबीन की। एसओ पूनम जादौन ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।