फर्रुखाबाद। दुष्कर्म पीड़ित छात्रा के पिता ने जमानत पर छूट कर आए आरोपी पर समझौता का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के पिता ने इसकी शिकायत एसपी को भेजी है। इसमें आरोपी और उसके समर्थकों द्वारा घर में घुस कर मारपीट व तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने गांव के रहने वाले युवक राजीव बाथम के खिलाफ 31 जुलाई 2019 को दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुत्री कक्षा नौ की छात्रा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह जमानत पर छूट कर आ गया है। दुष्कर्म पीड़िता के पिता ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेज कर कहा कि जमानत पर छूट कर आया आरोपी मुकदमे में समझौता करने को पुत्री पर दबाव बना रहा है। 18 दिसंबर को आरोपी ने पुत्री को स्कूल जाते समय रास्ते में रोक लिया और समझौता करने का दबाव बनाया। पुत्री ने समझौता करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर आरोपी ने पुत्री को जान से मारने की धमकी दी है।
उसी दिन शाम करीब चार बजे आरोपी व अन्य लोगों के साथ घर में घुस आए और परिवार वालों के साथ मारपीट कर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया। इसका विरोध करने पर आरोपी और उसके साथियों ने घर में तोड़फोड़ करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घटना की रिपोर्ट लिखाने को जहानगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि उसके पुत्र को थाने में बैठा लिया। डर से मुकदमे में गवाही देने कोर्ट नहीं जा पा रहा हूं। एसओ जहानगंज पूनम जादौन ने बताया कि ग्रामीण ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना में मामला छेड़छाड़ का निकलने से मुकदमा छेड़छाड़ में तरमीम कर आरोपी को जेल भेजा गया था। आरोपी और पीड़िता के परिवार के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोपी के जमानत पर छूट कर आने के बाद छात्रा के पिता ने युवक पर झूठा आरोप लगाया। थाने में जब छात्रा को बुलाकर पूछा तो वह कुछ नहीं बता पाई। दोनों पक्षों को थाने में बैठाने के बाद शाम को छोड़ दिया था।