कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव ज्योना के मजरा नगला फार्म में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। बुधवार रात शरारती तत्वों ने प्रतिमा का हाथ तोड़ दिया। सुबह जब लोगों ने हाथ टूटा देखा तो भारी तादाद में पुलिस फोर्स पहुंच गया। पुलिस व प्रशासन ने ग्रामीणों की मांगों को मानते हुए प्रतिमा की मरम्मत कराई। साथ ही अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव ज्योना के मजरा नगला फार्म में 19 डिसमिल भूमि आंबेडकर पार्क के नाम दर्ज है। वर्ष 2003 में इस पार्क में डॉ आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई। बुधवार रात गांव के रामप्रकाश के यहां देवी जागरण का कार्यक्रम था। देर रात तक लोग जागरण में मौजूद रहे। रात में किसी शरारती तत्वों ने प्रतिमा का हाथ तोड़ दिया। सुबह करीब साढ़े छह बजे लोगों ने प्रतिमा का हाथ टूटा देखा तो ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एसडीएम अमित आसेरी, तहसीलदार भूपाल सिंह, इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय फोर्स के साथ पहुंचे।
प्रतिमा की मरम्मत के लिए काम शुरू हुआ तो पहले कमेटी के पदाधिकारी व कुछ ग्रामीणों ने एतराज जताया और कहा कि प्रतिमा की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। इसकी सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल का इंतजाम होना चाहिए। हल्के फुल्के विरोध पर इंस्पेक्टर ने कहा कि सभी के सहयोग से बाउंड्रीवाल करवा लें। इस पर इंस्पेक्टर ने पहल करते हुए एक हजार रुपये दिए। इसके बाद प्रधान व अन्य ग्रामीणों के सहयोग से प्रतिमा की बाउंड्रीवाल करने को कहा गया। ग्रामीणों ने पार्क में अतिक्रमण का भी मुद्दा उठाया। इस पर एसडीएम ने कहा कि भूमि की पैमाइश के बाद अतिक्रमण हटा दिया जाएगा। प्रतिमा की मरम्मत के लिए शमसाबाद से जाधौ सिंह मौलाना को बुलाया गया। उन्होंने मरम्मत का कार्य शुरू किया। कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अमर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।