फर्रुखाबाद। आईजी जोन के 72 घंटे के धरपकड़ अभियान में शहर कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त चेकिंग में एक कार समेत दो शराब माफियाओं को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर पांचाल घाट पुल के पास इनकी दुकान से शराब बनाने के उपकरण समेत लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली। गिरोह का सरगना पहले ही शराब के मामले में जिला जेल में बंद है।
शनिवार सुबह सटीक सूचना पर शहर कोतवाल देवेंद्र दुबे व स्वाट टीम प्रभारी दिनेश गौतम ने मसेनी चौराहे के पास घेराबंदी करके कार को रोक लिया। कार में एल्कोहल की केन व खाली पौवा भरे थे। पुलिस ने कार में सवार देव कुमार उर्फ देवा निवासी गांव सोताबहादुरपुर व महिपाल निवासी डाडेपुर थाना राजेपुर को पकड़ लिया। इन लोगों ने अवैध शराब बनाने की बात स्वीकारी। पांचाल घाट पुल के पास दुकान में शराब की फैक्टरी की जानकारी पर पुलिस ने छापा मारा। वहां से शराब पैकिंग की मशीन व अन्य सामान बरामद किया। एएसपी त्रिभुवन सिंह व सीओ सिटी मन्नी लाल गौंड ने बताया कि गिरोह का सरगना राजू पहले से जेल में है। देवा उसका साथी है। यह लोग दुकान पर अवैध शराब तैयार करके आसपास के जिलों में सप्लाई करते हैं।
यह सामान हुआ बरामद
अभियान में एल्कोहल की 12 केन, दो पेटी बनी हुई देशी शराब के पौवे, अलग-अलग ब्रांडों के रैपर, खाली पौवा, ढक्कन व पैकिंग मशीन, एक कार, एक लाइसेंसी बंदूक 12 बोर की बरामद की गई है। बंदूक का लाइसेंस महिपाल के नाम है।
कई अन्य शराब कारोबारियों के नाम हुए उजागर
आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य शराब के कारोबारियों के नाम भी उजागर हुए हैं जो जिले में ही सक्रिय हैं। उनकी तलाश में भी पुलिस की टीमों ने दबिश दी लेकिन वह घरों से भाग गए। कुछ देशी शराब की दुकान चलाने वाले ठेकेदारों के नाम भी बताए जो अपने ठेकों पर अवैध शराब को कम कीमत पर खरीदकर उसको तय कीमतों पर बेचने का काम करते हैं।