संकिसा। क्रेन मालिक लापता हो गया है। उसकी बाइक, मोबाइल, खून लगी बनियान व आधार कार्ड काली नदी पुल पर मिले। सीमा विवाद में पांच घंटे तक मैनपुरी व मेरापुर थाना पुलिस उलझी रही। राजस्व कर्मियों की नापजोख के बाद घटनास्थल मेरापुर का निकला। पुलिस ने लापता क्रेन मालिक की गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।
मेरापुर क्षेत्र के गांव रूपनगर निवासी मिनी यादव का 35 वर्षीय पुत्र नंद किशोर यादव उर्फ नंदूू मैनपुरी के कस्बा बेवर में अपनी क्रेन चलवाता है। वह प्रतिदिन घर से बेवर आता-जाता है। सोमवार देर रात नंदकिशोर बाइक से घर पहुंचा, लेकिन घर का दरवाजा न खुलने पर वह वापस चला गया।
मंगलवार सुबह गांव तिलियानी स्थित काली नदी पुल पर नंदकिशोर की बाइक, मोबाइल, खून लगी बनियान, आधार कार्ड लोगों ने पड़ा देखा। सूचना पर प्रभारी एसओ प्रशिक्षु सीओ अरुण कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल मैनपुरी का बताकर पल्ला झाड़ लिया।
जानकारी पर मैनपुरी पुलिस आठ बजे पहुंची। वहां पांच घंटे तक सीमा विवाद में जांच उलझी रही। दोनों जनपदों की राजस्व टीम ने नापजोख की तो घटनास्थल मेरापुर थाने का निकला।
मेरापुर पुलिस ने घटनास्थल पर मिले सामान को कब्जे में ले लिया। सूचना पर पत्नी सीमा भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर नंदकिशोर की गुमशुदगी दर्ज कर ली। गांव के लोगों ने बताया कि 15 वर्ष से नंदकिशोर पत्नी व एक बेटी के साथ गांव में रह रहा है। अक्सर पत्नी से उसका विवाद होता था। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश की जा रही है।