फर्रुखाबाद। साड़ी दुकानदार साफेज की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि साफेज उसकी बहन से शादी करने की जिद कर रहा था। गुस्से में आकर अपने साथी की मदद से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मछली टोला निवासी साफेज तीन अप्रैल को लापता हो गया था। पिता सलीम ने मोहल्ला बजाजा निवासी निशा वर्मा, जनपद मैनपुुरी करहल रोड निवासी सराफा व्यापारी दीपक वर्मा व एक अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पांच अप्रैल को राजेपुर थानाक्षेत्र के गांव तुुषौर में साफेज का शव मिला था। पोस्टमार्टम में साफेज की मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी।
पुलिस ने मैनपुरी के गीतापुरम कालोनी निवासी कार चालक हाकिम सिंह यादव को गिरफ्तार किया था। घटना में प्रयुक्त कार व गला कसने में इस्तेमाल किए गए अंगौछा भी बरामद हुआ था। गुरुवार को जिला जेल चौराहे से मुख्य आरोपी दीपक वर्मा को पकड़ा गया।
दीपक ने बताया कि साफेज उसकी विधवा बहन निशा वर्मा से शादी करना चाहता था। जानकारी होने पर तीन अप्रैल को साफेज को समझाने के लिए बुलाया था, लेकिन वह शादी की जिद पर अड़ा रहा। मारपीट के दौरान गला कसने से उसकी मौत हो गई थी। घटना में उसका एक साथी रामविलास भी शामिल था, जो उसकी दुकान पर नौकरी करता था। पुलिस ने दीपक को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।