फर्रुखाबाद। चचेरे भाइयों की हादसे में मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मचा रहा। दोनों भाई 20 अप्रैल को बहन की शादी के कार्ड बांटने के लिए बुधवार को बाइक से निकले थे, तभी रात में हादसा हो गया।
जनपद एटा थाना नयागांव के गांव नगला मोच निवासी राजेश (30), अपने चचेरे भाई रंजीत (28) के साथ बुधवार को बहन अंजली की शादी के कार्ड बांटने के लिए थाना मऊदरवाजा के गांव महलाई आए थे। रंजीत की महलाई में ससुराल है। कार्ड देने के बाद बुधवार रात दोनों मोहम्मदाबाद रिश्तेदारी में कार्ड देने जा रहे थे। नवाबगंज रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों की मौत हो गई थी।
पुलिस ने दोनों शव लोहिया अस्पताल में रखवा दिए थे। सुबह परिजन लोहिया अस्पताल पहुंचे तो कोहराम मच गया। राजेश के भाई सर्वेश, पत्नी सुषमा, मां सियावती रो-रो कर बेहाल हो गए। राजेश के बेटी श्रद्धा व आराध्या हैं।
रंजीत पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से पत्नी दिव्या भाई संजीव, प्रदीप, अरविंद, रवि, मां रामसहेली बिलखती रहीं। पुलिस ने गुरुवार को दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि 20 अप्रैल को शादी से पहले परिवार में दो मौत हो जाने से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।