फर्रुखाबाद। सेवानिवृत्त फौजी के घर के ताले तोड़कर चोर 12 लाख की नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। गृहस्वामी परिजनों के साथ कासगंज में अपने पैैतृक गांव गए थे। पड़ोसी की सूचना पर वह घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया।
शहर कोतवाली गांव चांदपुर सिद्ध विनायक कालोनी निवासी रामप्रकाश सिंह सेवानिवृत्त फौजी हैं। वह 24 मई को कासगंज के थाना पटियाली के गांव औरंगाबाद में परिवार समेत गए थे। मुख्य गेट से लेकर घर के सभी कमरों में ताले लगे थे।
उसी दिन रात को चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान के अंदर घुस गए। चोर कमरों व अलमारी के लॉक तोड़कर एक सोने का हार, तीन मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, दो जोड़ी झुमकी, पांच सोने की चूड़ियां, आठ अंगूठी, चांदी के सिक्के, 1.30 लाख रुपये चोरी करके ले गए।
बुधवार सुबह पड़ोसी सर्वेश चौहान की पत्नी ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा। उन्होंने रामप्रकाश को चोरी की जानकारी दी। इस पर रामप्रकाश परिजनों के साथ घर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच की। रामप्रकाश ने बताया कि 12 लाख रुपये के जेवर व नकदी चोरी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरी की घटना का खुलासा करने का भरोसा दिया।