कंपिल। घर के बाहर खेल रहे किशोर को सांड़ ने पटक दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर को परिजन उपचार के लिए ले जा रहे थे। रास्ते में किशोर ने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव कमरुद्दीन नगर निवासी रामवरन सिंह का 16 वर्षीय पुत्र संदीप मंगलवार सुबह घर के बाहर गांव के अन्य किशोरों के साथ खेल रहा था। कुछ दूरी पर दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। उसी दौरान एक सांड़ ने संदीप को उठाकर पटक दिया। इससे संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। संदीप की चीख सुनकर ग्रामीणों ने लाठी डंडे लेकर सांड़ को मौके से भगाया। परिजन आनन फानन में किशोर को निजी वाहन से सीएचसी कायमगंज ले जा रहे थे। संदीप ने रास्ते में दम तोड़ दिया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन संदीप का शव लेकर गांव वापस आ गए। संदीप की मौत पर मां रीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। रामवरन के चार पुत्र थे। सबसे बड़ा गौरव (18), नितिन (14), ललित (12), संदीप दूसरे नंबर का पुत्र था। कार्यवाहक एसओ सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि इस मामले में उनको कोई सूचना नहीं मिली है।