फतेहगढ़ स्थित स्टेडियम में क्रिकेट खेलता खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में चल रही डॉ. दिनेश सिंह मेमोरियल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन जयहिंद क्लब फतेहगढ़ ने फ्रेंडस क्लब छिबरामऊ को आठ विकेट से हराया। कप्तान प्रबल पाठक को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
फ्रेंडस क्लब छिबरामऊ ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी की। जयहिंद क्लब टीम के खिलाड़ियों की बल्लेबाजी के आगे छिबरामऊ की टीम मैदान में टिक नहीं पाई। 17 ओवर 4 गेंदों पर 73 रन पर टीम को आलआउट कर दिया। छिबरामऊ की टीम के खिलाड़ी अमित ने सर्वाधिक 13 रन बनाए।
जवाब में जयहिंद क्लब फतेहगढ़ की टीम के खिलाड़ी बल्लेबाजी करने के लिए मैदान में पहुंचे। 13 ओवर 5 गेंदों पर दो विकेट खोकर आठ विकेट से जयहिंद क्लब टीम ने मैच जीत लिया। इस टीम के खिलाड़ी प्रबल पाठक ने 4 रन, कृष्णा तिवारी ने 37 रन, उप कप्तान सोनू ठाकुर ने 19 रन बनाए। कप्तान प्रबल पाठक को बेहतर गेंदबाजी और अधिक विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
स्व. डॉ. दिनेश सिंह के छोटे भाई ब्रजेश प्रताप सिंह ने कप्तान प्रबल पाठक को 501 रुपये व मैन ऑफ द मैच की ट्राफी दी। मैच में अंपायर की भूमिका रफीकुल अंसारी, मिर्जा वसीम वेग, स्कोरर की भूमिका मोहम्मद अहमद खान ने निभाई। उत्तम यादव व ऋषि ने कमेंटरी की। साहिल, अरवाज, भानू ठाकुर, राजन, मानू, प्रियम, मुरली, शालू मौजूद रहे।