पाइपलाइन लीक होने से पड़ी थीं मकानों में दरारें
फर्रुखाबाद। पेयजलापूर्ति के लिए पड़ी पाइपलाइन फटने से सात मकानों में दरारें पड़ीं थीं। जब घरों में पानी पहुंचना बंद हो गया, तो इसका पता चल सका। नगर पालिका ने सोमवार रात में गली का पाइप बदल दिया है। मकानों में दरारें सही कराने में लोगों को काफी खर्चा करना पड़ा।
मोहल्ला खटकपुरा इज्जतखां में 8 फरवरी की सुबह जब लोग सोकर उठे, तो मोहल्ले के वकील खां, जुल्फिकार खां, गुलजार अहमद, मुख्तियार अहमद, अजीजुल, कलीम अहमद आदि के दो-दो मंजिल के मकान चटक गए थे। दीवारों में दरारें पड़ गई थीं। किसी को भी इसका पता नहीं चला कि यह दरारें कैसे आईं। मोहल्ले के तमाम लोग देखने पहुंचे।
करीब चार दिन पहले उस गली में मकानों के अंदर पालिका की पानी आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद लोगों को पता चला कि पाइप लाइन फट गई है। नगर पालिका ने सोमवार को जब खुदाई कराई, तो पता चला कि कई स्थानों पर पाइप लाइन फटने से उसका पानी जमीन में जाता रहा। इसी के चलते आसपास के मकानों में दरारें पड़ गईं।
देर रात तक नया पाइप डाल दिया गया। जिन मकानों में दरारें पड़ी थीं, उन लोगों का कहना है कि पाइप की क्वालिटी काफी खराब थी। इसीलिए फट गए। पालिका की लापरवाही से उन लोगों का बड़ा नुकसान हो गया है। पालिका को मुआवजा देना चाहिए। लालसराय जोन प्रभारी ब्रजभूषण सिंह ने बताया कि अंडरग्राउंड पाइप में कुछ पता नहीं चला। जैसे ही लीकेज का पता चला, तो पाइप बदलवा दिए गए हैं। मुआवजे के बारे में वह कुछ नहीं कह सकतेे।