फर्रुखाबाद कोरोना संक्रमण नियंत्रण व बचाव के लिए जिलाधिकारी ने बुधवार शाम कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने कोविड-19 का मानक पूरा न करने वाले निजी अस्पताल में संक्रमित मरीज मिलने पर सीज करने के निर्देश दिए। वहीं मानक के अनुरूप चले अस्पताल को कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर 72 घंटे के लिए सील किया जाएगा।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने कहा कि जिन निजी अस्पतालों में कोविड-19 के मानक पूर्ण हैं, उसमें कोरोना संक्रमित पाए जाने पर नया मरीज न लिया जाए। साथ ही अस्पताल को 72 घंटे बंद रखा जाए। पूर्ण सैनिटाइजेशन के बाद ही खोला जाए। सभी निजी अस्पतालों में नियमित सैनिटाइजेशन के आदेश दिए।
यह भी कहा कि यदि मरीज में कोरोना के लक्षण हैं तो स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सूचना दें। कहा कि कमालगंज क्षेत्र में सेक्टर मजिस्ट्रेट गांवों का भ्रमण नहीं कर रहे हैं। सुधार न होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगरानी समितियों को सक्रिय कर ग्रामीणों को रिश्तेदारियों में आवाजाही न करने को समझाया जाए।
कोई भी नया व्यक्ति गांव में प्रवेश न करे। प्रवासी के आने पर होम क्वारंटीन किया जाए। सीडीओ डा.राजेंद्र पैंसिया, सीएमओ डा.चंद्रशेखर, एडीएम विवेक श्रीवास्तव व आईएमए के डाक्टर आदि मौजूद रहे।