फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में वरिष्ठजनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए अलग पर्चा काउंटर खोला गया था। यह काउंटर कुछ ही दिनों में बंद हो गया है। इससे उन्हें पर्चा बनवाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन सरकारी निर्देशों की अनदेखी कर रहा है। सोमवार को भारी भीड़ के बावजूद अस्पताल में केवल दो काउंटर चल रहे थे। परेशान वरिष्ठजन जब महिलाओं के काउंटर पर पर्चा बनवाने पहुंचे तो उन्हें निराशा हाथ लगी। उन्हें खरी-खोटी भी सुननी पड़ी। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि वरिष्ठजनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए अलग काउंटर हो। उन्हें गुलाबी रंग का पर्चा भी दिया जाए। ताकि वह डॉक्टर अथवा रक्त नमूना काउंटरों पर पहुंचें तो परेशानी का सामना न करना पड़े। शनिवार को वरिष्ठजन के काउंटर पर आम पुरुषों के पर्चा बनवाने की लाइन लगवा दी गई। जबकि पुरुषों का काउंटर बंद रहा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जगमोहन शर्मा ने बताया कि अलग काउंटर की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि यदि पर्चा नहीं बन रहा है, तो संबंधित से जवाब तलब किया जाएगा। गुलाबी पर्चा व्यवस्था भी लागू की जाएगी।