फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को ज्ञापन देकर कन्या विद्या पीठ इंटर कॉलेज, कायमगंज की प्रधानाचार्य डॉ. विश्व मोहिनी पांडेय का निलंबन तत्काल निरस्त करने की मांग की। परिषद ने निलंबन की कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए जांच कर न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा कि विद्यालय की प्रबंध समिति ने मिथ्या आरोप लगाकर डॉ. विश्व मोहिनी पांडेय को निलंबित किया है। प्रबंध समिति अपने स्वार्थ और निजी हितों के चलते एक योग्य, सक्षम और सम्मानित प्रधानाचार्या का उत्पीड़न कर रही है। परिषद के पदाधिकारियों ने मांग की कि निलंबन की कार्रवाई शीघ्र समाप्त कर डॉ. पांडेय को पुनः कार्यभार ग्रहण कराया जाए। चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन सहित अगली रणनीति अपनाएगा। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, प्रदेश महामंत्री डॉ. संदीप चतुर्वेदी, जिला उपाध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, जिला महामंत्री डॉ. बृजभूषण सिंह, डॉ. विश्व मोहिनी पांडेय, डॉ. विनीत कुमार, डॉ. अनिक मिश्रा, राकेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।