फर्रुखाबाद। राजस्थान में कफ सिरप के प्रयोग के बाद हादसा होने से इसकी बिक्री प्रतिबंधित कर दी गई। जिले में कफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध नहीं है।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन ग्रामीण इलाकों में बिकने वाली सस्ती कप सीरप के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। राजस्थान में कोल्ड्रिफ कफ सिरप के प्रयोग से मौत के बाद कई प्रदेशों में इसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। उप्र केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला महामंत्री मनोज मिश्रा ने बताया कि जिस कंपनी की कफ सिरप प्रतिबंधित की गई, उसकी अपने प्रदेश में खपत नहीं है।
उन्होंने कहा कि विभाग या प्रदेश सरकार ने किसी भी अन्य कप सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले सीतापुर में देश भर के अध्यक्षों की बैठक हुई थी। उसमें कंट्रोलर ने भी जानकारी दी कि प्रतिबंधित कफ सिरप की प्रदेश में खपत नहीं है।
उन्होंने बताया कि हालांकि ग्रामीण इलाकों में सस्ती कंपनियों की कफ सिरप की बिक्री को देखते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने कई इलाकों में नमूने लिए हैं। उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद क्वालिटी का पता चल सकेगा। फिलहाल कफ सिरप की बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं है।