लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी सील होने के बाद बाहर बरामदे में बैठा स्टाफ।
- फोटो : FARRUKHABAD
नेत्र रोग विशेषज्ञ को कोरोना, इमरजेंसी सील
फर्रुखाबाद। डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इमरजेंसी को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। महीनों से सैनिटाइजेशन टनल बंद होने से अस्पताल में संक्रमण तेजी से बढ़ा है।
लोहिया अस्पताल में कोरोना संक्रमण लगतार बढ़ रहा है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डाक्टर ने शनिवार को इमरजेंसी में दिन भर ड्यूटी की। उन्हें सांस लेने में कुछ दिक्कत हुई, तो रविवार को जांच कराई। रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिले है।
जानकारी पर रविवार दो बजे 24 घंटे के लिए इमरजेंसी को सील कर दिया गया। शनिवार को दिन में पॉजिटिव डाक्टर के साथ ड्यूटी करने वाले कर्मियों में भी हड़कंप मचा है। अब सोमवार को सभी कर्मचारी नमूना देकर जांच कराएंगे। अस्पताल के इमरजेंसी और ओपीडी के मुख्य गेटों पर लगाई गई सैनिटाइजेशन टनल महीनों से बंद पड़ी हैं। लाखों रुपये कीमत से लगी टनल बमुश्किल एक महीने ही चल सकीं।
नगला हुल्ली गांव से 49 नमूने लिए
कमालगंज। हुसैनपुर नौखंडा ग्राम पंचायत के गांव नगला हुल्ली में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना जांच के लिए कैंप लगाया। यहां कुल 49 लोगों ने नमूना दिया। रैपिड एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव न निकलने पर सभी 49 लोगों की आरटीपीसीआर जांच के लिए नमूने आगरा भेज दिए गए। लैब टेक्नीशियन राजीव कटियार ने बताया कि सीएचससी पर रविवार होने से केवल 2 लोग ही जांच कराने आए। संजीव कुमार व रवि भी जांच टीम में रहे।