कोरोना की तेज रफ्तार, 145 संक्रमित
फर्रुखाबाद। जनपद में सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में 145 और लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इनमें सेंट्रल जेल के 122 कैदी भी शामिल हैं। वहीं लोहिया अस्पताल के डॉक्टर भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इससे जिले में मरीजों की संख्या 2681 हो गई है। इनमें 1890 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। 38 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी जिले में 753 केस एक्टिव हैं।
सेंट्रल जेल में कोरोना की रफ्तार काफी तेज हो गई है। यहां विभिन्न अपराधों में सजा पा चुके 2154 कैदी बंद हैं। 40 से अधिक कैदी गंभीर अपराध की सजा काट रहे हैं। कोरोना का कहर सब पर भारी है। रविवार को की गई जांच की रिपोर्ट सोमवार को आई। इसमें 122 कैदियों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसमें 48 वृद्ध कैदी हैं। इससे जेल में कुल संक्रमितों की संख्या 364 हो गई है। अभी जेल में रोज कोरोना जांच जारी है। इसके अलावा लोहिया अस्पताल में तैनात नेत्र चिकित्सक भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं।
शहर के मोहल्ला कटरा नुनहाई निवासी वृद्धा, सुतहड़ी निवासी युवती, धनी नगला निवासी युवक, आफीसर्स कालोनी निवासी सीडीओ की मां, लोहिया कैंपस निवासी स्वास्थ्य कर्मी की पत्नी व रस्तोगी मोहल्ला निवासी वृद्ध भी चपेट में हैं। वहीं फतेहगढ़ के जेएनवी रोड निवासी पीडब्ल्यूडी कर्मी की पत्नी, दो बेटे, पुत्रवधू व दो पौत्री भी संक्रमित हो गईं। हैदरपुर निवासी वृद्ध, नुनहाई निवासी युवक, हमीरपुर निवासी युवक कोरोना पॉजिटिव मिले।
सेंट्रल जेल के छह कुख्यात भी चपेट में
सेंट्रल जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक एसएचएम रिजवी ने बताया कि संक्रमितों को चार अलग बैरकों में रखा जा रहा है। इनमें 6 कुख्यात अपराधी भी हैं। इन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बताया कि पांच वृद्ध कैदियों को हाईरिस्क में रखा गया है। आकस्मिक सेवा के लिए जेल में तीन एंबुलेंस तैयार हैं। किसी भी संक्रमित कैदी की हालत बिगड़ने पर तत्काल एल-2 अस्पताल भेजा जाएगा।
एसपी से मांग चुके हैं फोर्स
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल में बड़े व कुख्यात अपराधी भी बंद हैं। कोरोना महामारी के चलते कभी भी किसी भी कैदी को अस्पताल भेजने की जरूरत पड़ सकती है। इसके लिए उन्होंने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी मुहैैया कराने को कहा है।
57 कैदी फिर मिले संक्रमित
सेंट्रल जेल में सोमवार को स्वास्थ्य टीम ने पहुंचकर 151 कैदियों की कोरोना जांच को नमूने लिए। इनमें 57 कैदी संक्रमित मिले। हालांकि इनको अभी संक्रमितों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक एसएचएम रिजवी ने बताया कि जेल में इन 57 कैदियों को मिलाकर कुल 421 कैदी संक्रमित हो चुके हैं। फिलहाल सभी को दवाई, काढ़ा व गर्म पानी दिया जा रहा है। हल्दी वाला दूध भी मुहैैया कराया जा रहा है।