कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत, पांच संक्रमित मिले
फर्रुखाबाद। कोरोना का संक्रमण अब काल बनने लगा है है। शनिवार को लखनऊ में इलाज करा रही एक संक्रमित महिला की मौत हो गई है। उधर, दो प्रवासियों समेत पांच लोग और कोरोना संक्रमित पाए गए। मोहल्ला गंगानगर निवासी संक्रमित युवक घर से भाग गया। उसके नौ परिजनों को पुलिस ने क्वारंटीन कर दिया है।
कोरोना संक्रमण से लखनऊ में इलाज करा रही नाला मछरट्टा निवासी मिष्ठान विक्रेता की मां की मौत हो गई। तीन दिन पूर्व वह कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। इसके बाद सभी परिजनों को क्वारंटीन कर नमूना लिया गया था। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में विक्रेता की पत्नी और पड़ोस की महिला भी कोरोना पॉजिटिव निकली है।
पड़ोसी महिला मिष्ठान विक्रेता की मां के संपर्क में आई थी। विक्रेता की पत्नी ने बताया कि पति मां के साथ गए थे। अब वह भी अस्पताल पहुंच गई है। ऐसे में मां का अंतिम संस्कार कैसे होगा। इससे पहले शुक्रवार को सैफई में इलाज के दौरान एक संक्रमित महिला की मौत हुई थी।
उधर, शहर के मोहल्ला इस्माइलगंज सानी निवासी 32 वर्षीय युवक 16 जून को मुंबई से वापस आया था। उसे मेजर एसडी सिंह मेडिकल कालेज में क्वारंटीन कर नमूना जांच को भेजा गया था। वह कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा गांव सहपुर निवासी युवक पिछले दिनों राजस्थान से वापस आया था। उसकी भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
शहर के मोहल्ला गंगानगर निवासी 33 वर्षीय युवक फतेहगढ़ के एक नर्सिगहोम में कर्मचारी है। 6 जून को एक मरीज कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद 9 कर्मचारियों के नमूने लिए गए थे। नमूना देने के बाद वह घर चला गया था। जांच रिपोर्ट में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। एंबुलेंस घर पहुंची तो युवक नहीं मिला।
इससे स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। उसके 9 परिजनों को घर से उठाकर क्वारंटीन कर दिया गया। युवक की तलाश की जा रही। वही युवक ने फोन पर बताया कि वह शाम तक लोहिया अस्पताल पहुंचेगा। जिन मोहल्ले के लोग पॉजिटिव पाए गए हैंवहां कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा।
सभी संक्रमितों को एल-1 अस्पताल बरौन सीएचसी भेजा गया है। जनपद में कुल 94 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 43 ठीक हो गए हैं और 49 का इलाज चल रहा है। दो की मौत हो चुकी है।