गोल्डन कार्ड पर होगा कोरोना के मरीजों का इलाज
फर्रुखाबाद। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में अब कोरोना संक्रमितों का भी इलाज किया जाएगा। इलाज पर होने वाले खर्च की दरें भी शासन से निर्धारित कर दी गई हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. दलवीर सिंह ने बताया कि जिले में लौट रहे प्रवासी जो आयुष्मान भारत योजना के कार्डधारक हैं, उनके लिए शासन स्तर से उपचार के लिए दरों का निर्धारण कर दिया गया है।
जनरल वार्ड (आइसोलेशन) में भर्ती संक्रमित मरीजों के इलाज पर प्रति दिन 1800 रुपये, हाईडिपेन्सी यूनिट (आइसोलेशन) में भर्ती संक्रमित व्यक्तियों पर प्रतिदिन 2700 रुपये, आईसीयू (वेंटीलेटर रहित) में भर्ती मरीजों पर प्रतिदिन 3600 रुपये व आईसीयू (वेंटीलेटर सहित) में भर्ती संक्रमित मरीजों के उपचार पर 4500 रुपये प्रतिदिन खर्च निर्धारित किया गया है।
इस संबंध में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की मुख्य कार्यपालक अधिकारी संगीता सिंह ने सीएमओ को पत्र भेजा है। जिन चिकित्सालयों में कोरोना के मरीज भर्ती हैं उनमें आयुष्मान के लाभार्थियों का उपचार तय दर पर ही किया जाएगा। उन्होंने चिह्नित लाभार्थी का आरोग्य मित्र के माध्यम से गोल्डन कार्ड बनवाकर उपचार कराने के निर्देश दिए।