तीन और प्रवासियों के संक्रमित मिलने से दहशत
फर्रुखाबाद। गैर प्रांत व महानगरों से आए प्रवासियों के कोरोना संक्रमित मिलने से जिले में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवार को अहमदाबाद से लौटी महिला समेत दो व गाजियाबाद से लौटा युवक जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे जिले में कोरोना संक्रमितों मरीजों की संख्या 39 हो गई।
जनपद में गैर प्रांतों व महानगरों से लौटे प्रवासियों की कोरोना जांच की गति काफी धीमी है। वहीं प्रवासियों के होम क्वारंटीन पर नजर रखने के लिए निगरानी समितियां कम कारगर साबित हो रही हैं। इसका उदाहरण मोहम्मदाबाद क्षेत्र का गांव नगला नादी है। यहां 18 मई को अहमदाबाद से एक परिवार लौटा था। ये घर में ही रहता रहा।
इनमें 54 वर्षीय प्रवासी की बुखार-खांसी से 29 मई को मौत हो गई। इसके बाद कोरोना संक्रमण की आशंका से परिवार के 11 लोगों को मेजर एसडी सिंह फैसिलिटी सेंटर में क्वारंटीन कर दिया गया। एक जून को लिए एक गए नमूनों की मंगलवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में मृतक के परिवार की महिला कोरोना संक्रमित निकली।
इसके अलावा अहमदाबाद से सात परिजनों संग लौटा कमालगंज क्षेत्र के गांव गढ़िया दरौरा निवासी 18 वर्षीय कढ़ाई कारीगर 29 मई को फतेहगढ़ के मूकबधिर विद्यालय में क्वारंटीन किया गया था। छह परिजनों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद घर भेज दिया गया था। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में कारीगर युवक कोरोना पॉजिटिव निकला।
वहीं राजेपुर क्षेत्र के गांव कमालुद्दीनपुर निवासी युवक पत्नी दो बच्चों सहित कुल 8 लोगों के साथ 25 मई को गाजियाबाद से लौटा था। युवक गांव से लेकर रिश्तेदारी में कन्नौज तक घूमता रहा। गांव में दो दिन पूर्व मोबाइल मेडिकल यूनिट ने सैंपल लिया। मंगलवार रात आई रिपोर्ट में युवक के कोरना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। सभी कोरोना संक्रमित मरीजों को एल-1 अस्पताल सीएचसी बरौन में भर्ती कराया गया है।