फर्रुखाबाद। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां बहुत धीमी हैं। अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम भी शुरू नहीं हो सका है। शासन के आदेश पर पांच अस्पतालों में आईसीयू वार्ड बनाए जाने हैं, पर अभी सिर्फ स्थान का चयन हो सका है।
तीसरी लहर से निपटने के लिए शासन से पांच अस्पतालों मे तैयारी के आदेश दिए गए हैं। इसमें जिला स्तरीय एक अस्पताल में बच्चों के लिए 20 बेड, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के चार अस्पतालों में ऑक्सीजन सुविधा वाले 10-10 बेड सुरक्षित किए जाने हैं। इसके लिए पहले शहर में लिंजीगंज स्थित सिविल अस्पताल का चयन किया गया।
अब इसके स्थान पर सीएचसी फतेहगढ़ चयनित की गई है। यहां 20 बेड का ऑक्सीजन जनरेश प्लांट लगेगा। इसके अलावा सीएचसी बरौन में 50 बेड, मोहम्मदाबाद में 30 बेड, कमालगंज में 20 बेड व राजेपुर में 15 बेड का ऑक्सीजन प्लांट लगाने की योजना है। अभी तक किसी भी अस्पताल में इसकी तैयारी शुरू नहीं हो सकी है। बच्चों को भर्ती करने के लिए पीआईसीयू वार्ड भी सुरक्षित नहीं किए गए हैं।
सीएमओ डॉ. सतीश चंद्रा ने बताया कि सीएचसी मोहम्मदाबाद में ऑक्सीजन पाइप लाइन पड़ चुकी है। ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी है। सीएचसी बरौन में कार्यदायी संस्था चयनित कर ली गई। सीएचसी राजेपुर, कमालगंज व फतेहगढ़ में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए संस्था का चयन करने की प्रक्रिया चल रही है। पीआईसीयू के लिए शासन से शुक्रवार तक बेड आने की संभावना है। अगस्त तक सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट के साथ अन्य सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी।
----