फर्रुखाबाद। जनपद में मंगलवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 50 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसमें सेंट्रल जेल के 12 कैदी, शमसाबाद के ईओ व विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता भी संक्रमित मिले। वहीं कोरोना से सेंट्रल जेल के एक कैदी सहित दो की मौत हो गई। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3397 हो गई है।
मंगलवार को भी जांच रिपोर्ट में सेंट्रल जेल के दो वृद्ध कैदियों सहित 12 संक्रमित मिले। इससे जेल में कुल संक्रमित कैदियों की संख्या 864 हो गई। हालांकि इनमें 150 से अधिक कैदी ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता नगरीय सोमवार को एंटीजन किट की जांच में पॉजिटिव मिले थे।
उनकी रिपोर्ट पोर्टल पर दर्ज कर दी गई। वहीं शमसाबाद नगर पंचायत के ईओ के संक्रमित होने से कार्यालय 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय बंद रहने से कोई काम नहीं हुआ।
फतेहगढ़ के मोहल्ला दुर्गा कालोनी निवासी युवक, आवास विकास कालोनी के चार लोग, न्यू कालोनी भोलेपुर निवासी मां-बेटा, निनौआ निवासी वृद्ध व उसकी बेटी, महिला, मोहम्मदाबाद के मोहल्ला राजीव नगर निवासी युवक, रोहिला निवासी युवक, बड़ौली निवासी महिला के अलावा शमसाबाद क्षेत्र के तीन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
वहीं फतेहगढ़ निवासी वृद्ध(65) की किडनी खराब होने से परिजन उसे डायलिसिस कराने कानपुर के हैलेट अस्पताल ले गए थे। वहां जांच में वह कोरोना संक्रमित निकला। इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। इसके अलावा सेंट्रल जेल के सजायाफ्ता वृद्ध कैदी बलवीर(85) दो अक्तूबर को जांच में कोरोना संक्रमित मिला था।
उसे एल-1 अस्पताल से सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया था। मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमित कैदी सहित 44 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में 3397 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 2266 कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके। अभी 1087 केस एक्टिव हैं।