जनपद में रविवार को दो सैन्य कर्मी सहित तीन कोरोना संक्रमित मिले। इससे गांव में कंटेनमेंट जोन बनाकर बल्लियों से गलियां बंद कर दी गईं। कुछ ही देर में ग्रामीणों ने बल्लियां हटा दीं। जनपद में अब तक कोरोना 197 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 120 मरीज ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। सात मरीजों की मौत हुई है, जबकि 70 केस एक्टिव हैं।
फतेहगढ़ कैंट में 20 जून को आए आंबेडकर नगर निवासी 19 वर्षीय व प्रयागराज निवासी 22 वर्षीय सैन्य कर्मियों की तबियत खराब होने पर उन्हें मिलेट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन पूर्व उनका नमूना लिया गया था। शनिवार रात आई जांच रिपोर्ट दोनों पॉजिटिव निकले। इसके अलावा कमालगंज विकास खंड क्षेत्र के गांव राजेपुर टप्पा मंडल निवासी 20 वर्षीय युवक डेढ़ माह पूर्व दिल्ली से लौटा था। इसके बाद वह अपनी ससुराल हरदोई के कस्बा पाली चला गया था।
वापस आने पर उसे जुकाम, बुखार था। दो जुलाई को उसने सीएचसी पर जाकर कोरोना जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट में वह भी पॉजिटिव आया है। तीनों संक्रमितों को एल-1 अटैच अस्पताल डॉ.अनार सिंह मेडिकल कालेज में भर्ती कर दिया गया है। युवक के संपर्क में आए माता-पिता, पत्नी, दो बच्चे व भांजी को हाईरिस्क कांटेक्ट में लिया गया, जबकि 12 लोगों को लो रिस्क कांटेक्ट में रखा गया है। इसके साथ गांव राजेपुर टप्पा मंडल को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है।
बीडीओ राजेश बघेल ने गलियों में पांच स्थानों पर बल्लियां लगाकर सील कर दीं। टीम के वापस जाते ही ग्रामीणों ने बल्लियां हटाकर गली खोल दी। इसकी जानकारी पर बीडीओ ने बल्ली हटाने वाले ग्रामीणों को चिह्नित कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए।