फर्रुखाबाद। अमृतपुर कस्बे के गांव हरसिंहपुर गहलवार में एक दिन में तीन लोगों की मौत से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर सीएमओ टीम के साथ गांव पहुंची और कोरोना की जांच के लिए 50 लोगों के सैंपलिंग कराई। गांव में बुखार से पीड़ित 70 लोगों को कोरोना दवा की किट वितरण की गई।
गांव हरसिंहपुर गहलवार निवासी एक वृद्धा हरदोई में अपने पुत्र के पास गई थी। उसका पुत्र कोरोना संक्रमित है। गुरुवार को वृद्धा पुत्र के घर से लौटकर गांव आई। उसकी शुक्रवार सुबह मौत हो गई। वहीं गांव में एक वृद्ध और एक वृद्धा की और मौत हो गई। वे पहले से बीमार भी थे और वर्तमान में बुखार आ रहा था। तीन लोगों की एक दिन में मौत होने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी डीएम को दी गई। डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. वंदना सिंह, राजेपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमित राजपूत, पीएचसी अमृतपुर प्रभारी डॉ. गौरव वर्मा टीम के साथ गांव पहुंचे। गांव का निरीक्षण कर वहां की स्थिति देखी। पुत्र के घर से लौटने के बाद जिस वृद्धा की मौत हुई है, उसके परिजन व पड़ोसियों समेत 50 लोगों की कोरोना की आरटीपीसीआर जांच के लिए लिए सैंपल लिए गए। सीएचसी राजेपुर प्रभारी डॉ. प्रमित राजपूत ने बताया कि सीएमओ के साथ गांव गए थे। वहां 50 लोगों की कोरोना जांच को सैंपल लिए गए और 70 लोगों को कोरोना दवा की किट भी बांटी गई है।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में कई लोगों केे बुखार आ रहा है। शुक्रवार को बुखार पीड़ित एक वृद्ध को सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उसको गाड़ी से लोहिया अस्पताल लेकर जा रहे थे। रास्ते में वृद्ध की मौत हो गई। परिजन शव गांव वापस ले गए।