लोहिया में टीका लगवाने को लेकर धक्का-मुक्की
फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल में शुक्रवार को टीका लगवाने के लिए उमड़ी भीड़ में धक्का मुक्की हो गई। लोग एक दूसरे से सटकर खड़े रहे। सामाजिक दूरी की जरूरत भी नहीं समझी। मनमानी पर उतारू लोग संक्रमण को दावत दे रहे हैं।
कोरोना संक्रमण से जनता को बचाने के लिए सरकार टीका लगाने पर जोर दे रही है। इससे लोगों की भीड़ टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रही है। लोहिया अस्पताल के ओपीडी में बने केंद्र पर सुबह नौ बजे से ही पंजीकरण रूम के बाहर लंबी कतारें लग गईं।
दोपहर में महिला और पुरुषों की लाइनों में धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। इस पर एक सुरक्षा कर्मी को गेट पर खड़े होना पड़ा जबकि दूसरा से दूर-दूर खड़े होने के लिए कहता रहा, मगर लोग मानने को तैयार नहीं थे।
ओपीडी में भी रही खासी भीड़
शुक्रवार को ओपीडी में सबसे ज्यादा 75 लोग एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए पहुंचे। कुल 341 मरीजों ने पंजीकरण कराया। करीब 11 बजे महिलाओं की लंबी कतारें लगी थीं।