सीएचसी मोहम्मदाबाद में ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण करते सीएमओ।
- फोटो : FARRUKHABAD
प्लांट बंद होने पर ठेकेदार-इंजीनियर में नोकझोंक
मोहम्मदाबाद। सीएचसी में लगाया गया आक्सीजन प्लांट मंगलवार को चालू होते ही बंद हो गया। इस पर ठेकेदार और इंजीनियर से नोकझोंक हो गई। बाद में ठेकेदार के कर्मचारियों ने प्लांट को किसी तरह चालू किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद जिले का पहला आक्सीजन प्लांट लगाया गया है। सीएमओ डॉ.सतीश चंद्रा ने सुबह सीएचसी पहुंचकर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.गौरव यादव से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि वोल्टेज अधिक होने से प्लांट चालू नहीं हो पाया है। सीएमओ ने कंपनी के कर्मचारियों जानकारी ली।
आपरेटर नरेंद्र कुमार ने बताया अधिक वोल्टेज में प्लांट चालू करने पर मशीनें खराब हो सकती हैं। सीएमओ ने एसडीओ नीबकरोरी रघुनाथ तित्तल को बुलाकर वोल्टेज ठीक कराने के निर्देश दिए। शाम करीब चार बजे सीएमओ की मौजूदगी में प्लांट चालू हुआ लेकिन कुछ ही देर में बंद हो गया।
ठेकेदार सुरेंद्र सिंह चौहान ने प्रोजेक्ट इंजीनियर सतीश गुप्ता से प्लांट बंद होने के बारे में पूछा। उन्होंने स्टेब्लाइजर समेत कई कमियां गिना डालीं। इस पर ठेकेदार और इंजीनियर में नोकझोंक हो गई।
सीएमओ ने प्रोजेक्ट इंजीनियर को प्लांट चालू होने तक सीएचसी पर ही रुकने के निर्देश दिए। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि शाम को आक्सीजन प्लांट चालू हो गया। इंजीनियर को ही प्लांट की जानकारी नहीं थी। ठेकेदार के अन्य कर्मचारियों ने सभी कनेक्शन दोबारा करके प्लांट चालू किया।