फर्रुखाबाद। जनपद की चार ग्राम पंचायतों में 70 लाख रुपये की लागत से पंचायतघरों का निर्माण शुरू करा दिया गया है। इनका मार्च तक निर्माण कार्य पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। इससे नये वित्तीय वर्ष में सचिवालयों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
गांव की समस्या गांव में ही निस्तारित करने और सचिवालयों का सीएससी की तरह संचालन करने के शासन से आदेश हैं। इससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए गांव में ही आवेदन करने की सुविधा मिले और उन्हें मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी के चलते सभी ग्राम पंचायतों में पंचायतघरों का निर्माण कराया जा रहा है। इस वित्तीय वर्ष में ब्लॉक शमसाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत पहाड़पुर बैरागर, राजेपुर की ग्राम पंचायत सुंदरपुर व हमीरपुर सोमवंशी और कमालगंज की ग्राम पंचायत गौसपुर में पंचायतघर का निर्माण शुरू करा दिया गया है। प्रत्येक पंचायतघर के निर्माण की लागत 17.46 लाख रुपये निर्धारित है। डीपीआरओ राजेश चौरसिया ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू कराया जा चुका है। मार्च तक निर्माण पूरा करने के आदेश हैं। नये वित्तीय वर्ष में ग्राम सचिवालय इन्हीं भवनों में संचालित कराया जाएगा। इन ग्राम पंचायतों में अभी किराए के भवन में सचिवालय चलाया जा रहा है।