मोहम्मदाबाद। रुपये के लेनदेन के विवाद में कार सवार दबंग मारपीट करने के बाद बीज व्यापारी को कार में डाल ले गए। बाद में उन्हें छिबरामऊ के विशुनगढ़ रोड पर ले जाकर छोड़ दिया। व्यापारी ने थाने पहुंच कर मामले की जानकारी दी पर कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अलावलपुर निवासी कुलदीप चतुर्वेदी की गांव में ही इटावा-बरेली हाईवे पर बीज की दुकान है। मंगलवार शाम को कार सवार कुछ लोगों ने उन्हें मोहम्मदाबाद कस्बा स्थित नवोदय विद्यालय के पास बुलाया। कुलदीप वहां पहुंचे तो बातचीत के दौरान कार सवार लोगों ने कुलदीप को लात-घूंसों से पीटकर जबरन कार में डाल लिया। यह देख किसी ने 112 पर सूचना दे दी। इस पर पुलिस पहुंची पर वहां कोई नहीं मिला।
रात करीब आठ बजे कुलदीप छिबरामऊ निवासी अपने मामा के बेटे दीपक के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनका रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। इसके चलते कार सवार लोग उसे उठा ले गए थे। उन्होंने उसे कन्नौज के छिबरामऊ स्थित विशुनगढ़ रोड पर छोड़ दिया था। उन्होंने कोई भी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। प्रभारी कोतवाल धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।